Wednesday, October 16, 2024
होमलेखआशा विनय सिंह बैस का लेख - क्या 'गांधीवाद' आज भी प्रासंगिक...

आशा विनय सिंह बैस का लेख – क्या ‘गांधीवाद’ आज भी प्रासंगिक है ?

यह बात तो ठीक है कि राजे-रजवाड़ों, नवाबों, रियासतों में बंटे इस देश के लोगों में अंग्रेजों के विरुद्ध आजादी की अलख जगाने और उन्हें एकजुट करने में मोहनदास करमचंद गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके इस प्रयास की भी सराहना होनी चाहिए कि उन्होंने समाज के सभी वर्गों, मज़हबों को एक साथ रखने की कोशिश की। हालांकि सफल नहीं हो पाये, यह अलग बात है।
1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के पश्चात भारत में ऐसा कोई आंदोलन या क्रांति नहीं हुई जिसके परिणाम स्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा हो। द्वितीय विश्व युद्ध के पश्चात इंग्लैंड की लगातार खराब होती आर्थिक स्थिति के मद्देनजर उन्होंने लगभग सभी उपनिवेशों को स्वतंत्र कर दिया था। भारतवर्ष भी उनमें से एक था। शायद इसीलिए ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री एक इंटरव्यू में कहते हैं कि- “भारत की आजादी में गांधी का योगदान ‘नगण्य’ था।”
लेकिन मैं किसी आक्रांता-व्यापारी का विश्वास क्यों करूं?? मेरा तो यह मानना है कि गांधी ने इस देश को अंग्रेजों के विरुद्ध एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उनका आजादी दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपने इन्हीं अहिंसक प्रयासों के लिए गांधी को बापू, महात्मा, यहां तक कि ‘राष्ट्रपिता??’ भी कह दिया गया। 
‘गांधीवाद’ से मोहनदास को नाम मिला, शोहरत मिली। लेकिन सत्य यह है कि इस देश ने ‘गांधीवाद’ की भारी कीमत चुकाई है। 1948 के कश्मीर युद्ध के दौरान जब भारतीय सेना हरे टिड्डों को रौंदती हुई पूरे कश्मीर पर कब्जा करने की ओर बढ़ रही थी, तब ‘गांधीवाद’ के रोग से ताज़ा-ताज़ा पीड़ित, उनके सबसे दुलारे चेले जवाहरलाल नेहरू इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र संघ में लेकर चले गए। यह विश्व के इतिहास में पहला और अनूठा मामला था; जब जीतने वाली सेना न्याय के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ में गई हो। उनके उस ‘गांधीवादी’ कृत्य का नासूर हम जम्मू और कश्मीर समस्या के रूप में आज तक भुगत रहे हैं।  
1962 का युद्ध भी हम इसी गफ़लत में हारे कि ‘गांधीवाद’ से ही देश और विश्व का कल्याण हो सकता है। चीन की चालबाज़ियों का जवाब गांधीगीरी से कतई संभव न था। वह लात के देवता थे, बातों से कैसे मान जाते। 1965 के युद्ध में भारतीय सेना लाहौर तक तिरंगा फहरा चुकी थी। पाकिस्तान घुटनों पर आ चुका था, तभी पता नहीं कैसे गुदड़ी के लाल, लाल बहादुर शास्त्री भी ‘गांधीवाद’ वायरस की चपेट में आ गये (या लाये गए?) और भारतीय सेना के समस्त बलिदानों और पराक्रम के बदले, हमें सिर्फ ताशकंद समझौता नामक एक झुनझुना और लाल बहादुर शास्त्री की  संदेहास्पद परिस्थितियों में लाश मिली।  
1971 के ऐतिहासिक युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 90,000 सैनिकों को बिना शर्त आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया था। यह विजय विश्व इतिहास की सबसे बड़ी सैन्य विजयों में से एक थी। तब आधुनिक दुर्गा कही जाने वाली मजबूत नेता इंदिरा फिरोज खान भी ‘गांधीवाद’ के इसी रोग से ग्रसित हो गईं और पूरे कश्मीर को भारत में मिलाने के एक स्वर्णिम अवसर को इंदिरा के ‘गांधीवाद’ ने आपदा बनाकर रख दिया। जो कुछ भी हम हज़ारों सैनिकों के बलिदान से युद्ध में जीते, वार्ता की टेबल पर गांधीगीरी के कारण हार गए। 
1999 के कारगिल युद्ध के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री और धुर दक्षिणपंथी अटल बिहारी बाजपेई भी पता नहीं कैसे ‘गांधीवाद’ के ज्वर से पीड़ित हो गए थे। उन्होंने  एलओसी  पार न करने की एकतरफा, आत्मघाती घोषणा करके न सिर्फ़ सेना के हाथ बांध दिए बल्कि एक तरफ से  विश्व के समक्ष एलओसी को ही अंतरराष्ट्रीय सीमा भी स्वीकार कर लिया। 
वर्तमान समय मे देखें तो दलाई लामा दशकों से गांधीवादी तरीके से तिब्बत को चीन के चंगुल से आजाद कराने की कोशिश कर रहे हैं। परिणाम यह प्राप्त हुआ है कि वह भारत में एक शरणार्थी की निर्वासित जिंदगी जी रहे हैं। निकट भविष्य में भी उनकी गांधीगीरी का कोई सकारात्मक परिणाम आने की संभावना दूर-दूर तक नज़र नहीं आती है। पड़ोसी देश बांग्लादेश में कार्यवाहक गांधीवादी नेता के सत्ता संभालने के बाद क्या हो रहा है, दुनिया देख ही रही है। 
वहीं दूसरी ओर इज़रायल नेताजी सुभाष की राह पर चलकर तमाम दुश्मनों के बीच गर्व से सीना ताने खड़ा है। हमास से लेकर हिजबुल्ला तक और लेबनान से लेकर ईराक तक अपनी दहशत कायम किये हुए है। अमेरिका भी अभी तक विश्वनेता इसलिए है क्योंकि वह अपने दुश्मनों के सामने चरखा नहीं चलाता, बल्कि उनके घर में घुसकर मारता है, दुश्मनों को जल समाधि दे देता है। चीन भी इसलिए विश्वशक्ति है, क्योंकि वह अपने दुश्मनों पर कोई रहम नहीं करता, चाहे वह बाहर के शत्रु हों या देश के अंदर के। अपनी इसी दबंगई के बल पर ‘शान्तिप्रिय समुदाय’ का भी उसने स्थायी इलाज कर रखा है।
निष्कर्ष यह कि ‘गांधी-वाद” भाषणों में, किताबों  में अच्छा लगता है और “सुभाष-वाद”  रियल वर्ल्ड,  व्यवहारिकता का सिद्धांत है। गांधी-वाद सुनने और कहने की चीज़ है और सुभाष-वाद करने की ।
RELATED ARTICLES

2 टिप्पणी

  1. आशा जी, विचारोत्तेजक आलेख के लिए बधाई स्वीकार करें। बहुत से विचार मन में आ जा रहे हैं । आपके विचारों के साथ सहमति भी बन रही है। आपके आलेख में प्रवाह है, भाव है, और दिशा भी है । बधाई स्वीकारें।

  2. आपका प्रश्न है कि क्या गांधीवाद आज भी प्रासंगिक है? तो जवाब शायद यही होगा कि नहीं! गांधीवाद नहीं है वह एक सोच है। सत्य और अहिंसा की राह पर चलने की एक जीवन पद्धति, सोच। अगर उनके साथ कोई भी नहीं होता तब भी वो उसी राह पर होते। और वही करते जो उन्हें सही लगता।तिरंगा फहरा चुकी थी। पाकिस्तान घुटनों पर आ चुका था,
    “तभी पता नहीं कैसे गुदड़ी के लाल, लाल बहादुर शास्त्री भी ‘गांधीवाद’ वायरस की चपेट में आ गये (या लाये गए?) लाल बहादुर शास्त्री के लिए आपके लेखन की है शैली हमें पसंद नहीं आई।”
    इंदिरा गांधी को लौह महिला कहा जाता है उनका समय गांधीवाद से प्रभावित तो नहीं रहा।
    तिरंगा फहरा चुकी थी। पाकिस्तान घुटनों पर आ चुका था, तभी पता नहीं कैसे गुदड़ी के लाल, लाल बहादुर शास्त्री भी ‘गांधीवाद’ वायरस की चपेट में आ गये। विकास का पहिया निरंतर आगे बढ़ता रहता है। समय ही कालचक्र है।वह निरंतर आगे बढ़ता रहता है , किसी के लिए ठहरता नहीं. हर क़ाल की अपनी परेशानियाँ रहती हैं,अपनी स्थितियों और परिस्थितियों के अनुरूप वह काल अपनी तरह से उनसे लड़ता है,निपटता है। होना तो यह चाहिए कि वर्तमान अतीत की गलतियों से सीख लेकर, दोषों को दूर करते हुए उज्जवल भविष्य के लिए वर्तमान में तैयारी करे। किन्तु अब एक सच्चाई यह भी है कि वर्तमान पीछे मुड़कर देखना भी नहीं चाहता। सीखने की तो बात ही दूर है। वर्तमान काल बेहद एडवांस भी है और प्रैक्टिकल भी है। वह सिर्फ आज को देखता है। आज से लड़ता है और भविष्य के लिये रास्ता स्वत: बनाता चलता है। कमियों से सीख लेने की बात तो वह सोचता ही नहीं।वह नए रास्ते बनाना जानता है।सुधारना नहीं चाहता वह अपने लिए नए रास्ते बनाना चाहता है। रतन टाटा ने भी यही कहा था-“मैं सही निर्णय लेने में विश्वास नहीं रखता,मैं निर्णय लेता हूँ और फिर उन्हें सच साबित करता हूँ।”। वाद वास्तव में है क्या? विपरीत एवं संकट पूर्ण स्थितियों में किसी साहसी व्यक्ति का अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और जो लोग स्वयं अकेले साहस नहीं जता सकते वे सब उसके अनुगामी हो जाते हैं। अन्याय के सामने डटकर खड़े रहना सबके बस की बात नहीं होती। और जो खड़ा होता है उसके साथ सब हो लेते हैं इसलिए वाद चाहे जो भी हो ,वह समय और परिस्थितियों की देन है। समय के साथ ही साथ सोच भी बदल जाती है और फिर परिस्थितियों से लड़ने का तरीका भी बदल जाता है। वैसे तो गाँधी जी के समय में भी परिस्थितियाँ इतनी आसान नहीं थीं।वे तो दक्षिण अफ्रीका से बाद में आए थे उनकी बुलंद प्रसिद्धि पहले आई थी। उनमें बहुत से गुण थे, और ऐसे गुण थे जो एक अच्छे और सच्चे इंसान में होने चाहिये। उनके गुणों में से एक भी गुण आज के किसी भी नेता में नहीं, फिर चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। गाँधी जी सच और विश्वास के साथ सच और न्याय के लिये लड़े। आज की लड़ाई झूठ और फरेब के साथ है और लक्ष्य सिर्फ अपना हित है। आज के नेता आज की तरह से अपनी समस्याओं से निपट रहे हैं।
    गाँधी जी वाली लिंक पर तो हमने सोचा था कि हम कुछ भी नहीं लिखेंगे ।लेकिन बात चली तो यहाँ लिख दिया। आज ही हमने एक ऐसे व्यक्ति का वीडियो देखा जो गाँधी जी की मृत्यु के समय मात्र 8 साल के थे। उन्होंने उस वक्त का, जो वक्त शायद कुछ समय के लिए ठहर गया था, वर्णन किया ।उसे देख सुनकर आँखें भीग गईं। बागबान में अमिताभ बच्चन की कही हुई एक बात याद आती है कि आजकल के बच्चे या कहें लोग ;बहुत एडवांस हो गए हैं या कहें प्रैक्टिकल हो गए हैं। वह स्वयं जो देख रहे हैं उनके लिए सिर्फ वही सही है, जो दिख रहा है, वही रिश्ता सही है और जीवित है। बाकी दादा परदादा तक वह नहीं जानना चाहते। वह आपकी बात सुनने में दिलचस्पी नहीं रखते। अपनी बात सुनाने में ज्यादा आनंद महसूस करते हैं।
    इसलिए वास्तव में आज गांधीवाद का कोई महत्व नहीं है लेकिन गांधी जी का महत्व कभी खत्म नहीं होगा। क्योंकि नाम कभी मरा नहीं करते और नाम कर्म से मिलता है। माता-पिता से मिले हुए नाम को जिंदा रखने के लिए बहुत परिश्रम,त्याग और समर्पण करना पड़ता है। तो यह तो सही है कि कोई सा भी वाद हो, निरंतर परिवर्तन और बदले हुए परिवेश में सामाजिक, राजनैतिक, स्थितियाँ और परिस्थितियों के बरक्स उसका असर खत्म होता जाता है। व्यक्तिगत रूप से वाद तक तो हम नहीं पहुँचते, पर गाँधी जी हमारे दिल में हैं। हमने बहुत तकली चलाई, बहुत सूत काता। सालों खादी पहनी, आज भी खादी प्रिय है।उनकी सोच के हम अनुगामी हैं। सत्य के महत्व को हम समझते हैं। ईश्वर के प्रति विश्वास दृढ़ है। जहाँ गलत लगता है वहाँ गलत को गलत बोलने की ताकत रखते हैं।जो अच्छा लगता है उसकी प्रशंसा से चूकते नहीं। और गलती होने पर माफी मांगने में शर्म महसूस नहीं करते चाहे फिर वह कितना ही छोटा या बड़ा क्यों ना हो। इत्तेफाक से यह सारी चीजें संस्कार में भी मिली। अगर यह गांधीवाद है तो व्यक्तिगत रूप से यह हमें पसंद है। हर शख्स अपने को सुधार ले तो सारा संसार एक पल में सुधर जाए लेकिन सब दूसरों को सुधारने में लगे हैं दिक्कतें यहीं हैं। और फिर इंसान तो गलतियों का पुतला है।कोई भी सर्वगुण संपन्न नहीं। गलतियाँ जाने अनजाने में सभी से हो जाया करती हैं।और गाँधी नेहरू भी इससे अछूते नहीं। वैचारिक मतभेद या सोच ही किसी एक के लिए गुण बन जाता है और दूसरे के लिये दुर्गुण। ऐसा हम सोचते हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest